logo

'IPS ऑफिसर रहा हूं, हमें कानून न सिखाओ', पूछताछ के दौरान ED अधिकारी को हड़का रहे थे साहिबगंज DC

ramnivas.jpg

द फॉलोअप डेस्क
अवैध खनन मामले (Illegal Mining Cases) में पूछताछ के दौरान साहिबगंज DC रामनिवास यादव (Sahibganj DC Ramniwas Yadav) ने ED अधिकारियों को डराने की कोशिश की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव बुधवार को छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों पर रोब जमाते नजर आए। उन्होंने एजेंसी के अधिकारियों को कहा कि मैं IPS ऑफिसर रहा हूं, हमें कानून न सिखाओ। हालांकि रामनिवास यादव की अधिकारियों को डराने की कोशिश नाकाम रही। 8 लाख रुपए, 9 एमएम पिस्टल की 14 राउंड गोलियों की बरामदगी के बाद वो शांत हो गए। गौरतलब है कि 1000 करोड़ के अवैध खनन मामले में ईडी ने बुधवार (3 जनवरी) को साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव के सरकारी आवास में छापेमारी की थी। छापेमारी करीब 13 घंटे तक चली थी। 


3 साल से सैलरी अकाउंट से नहीं निकाला एक भी पैसा 
खबरों की मानें तो ईडी की छापेमारी के दौरान साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव के सरकारी आवास से आठ लाख रुपये के अलावा 9 एमएम पिस्टल की 14 राउंड गोलियां बरामद की गई हैं। डीसी यादव उन गोलियों के बारे में बताने में असमर्थ रहे। वहीं, सरकारी दस्तावेजों में लिफाफे में नकदी रखी हुई थी। डीसी रामनिवास यादव 3 साल से अधिक समय से साहिबगंज में पदस्थापित हैं। पोस्टिंग के बाद अबतक उन्होंने अपने सैलरी अकाउंट से एक भी पैसा नहीं निकाला है। बुधवार से उनसे पूछताछ की है कि बगैर सैलरी वह कैसे गुजारा करते थे।


एक साल पहले भी हुई थी पूछताछ
1000 करोड़ रुपए के अवैध खनन घोटाले में ईडी ने एक साल पहले भी रामनिवास यादव से पूछताछ की थी। 23 जनवरी 2023 को ईडी के दफ्तर में बुलाकर उनसे लंबी पूछताछ की गई थी। इसके बाद 6 फरवरी को फिर से ईडी दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया था। खनन घोटाले में गिरफ्तार पंकज मिश्रा ने जेल में रहने के दौरान रामनिवास यादव से कई बार बात की थी।